रामलीला मैदान में आज केजरीवाल लेंगे सीएम पद की शपथ



नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को दोपहर बारह बजे रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके साथ आज छह अन्य भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। इस शपथ ग्रहण समारोह में करीब एक लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। केजरीवाल ने इस समारोह में शामिल होने के लिए सभी दिल्लीवासियों को न्यौता भेजा है।
इससे पहले शुक्रवार को शपथ ग्रहण समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई। रामलीला मैदान में इस दौरान तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था रहेगी। अरविंद केजरीवाल अपने कौशांबी स्थित आवास से मेट्रो के जरिए नई दिल्ली स्टेशन पहुंचेंगे। यहां से वह अपनी कार में सवार होकर रामलीला मैदान पहुंचेंगे। उनके साथ में उनके मंत्रिमंडल में शामिल सभी विधायक भी होंगे।
दिल्ली के भावी मुख्यमंत्री ने साफ किया है कि वह किसी भी तरह की कोई सुरक्षा नहीं लेंगे। उन्होंने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में उनका परिवार और सभी विधायकों का परिवार आम जनता के बीच एक आम आदमी की ही तरह बैठेगा। किसी को भी कोई वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं मिलेगा। शपथ ग्रहण करने से पूर्व शुक्रवार को केजरीवाल ने अपने घर के बाहर जनता दरबार लगाकर लोगों की परेशानियों को सुना।

इसके बाद वह अपने विधानसभा क्षेत्र में भी गए। वहां पर लोगों की समस्याओं का जवाब देने के लिए वह अपने साथ एनडीएमसी के सचिव को भी साथ लेकर गए, जहां उन्होंने खुद लोगों के सवालों के जवाब दिए। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार से लोगों की उम्मीदें लगातार बढ़ रही हैं। लेकिन दूसरी और भाजपा का कहना है कि यह सरकार ज्यादा दिन नहीं चल पाएगी। भाजपा नेता डॉक्टर हर्षवर्धन ने आप पार्टी पर लोगों को धोखा देने का भी आरोप लगाया है।
वहीं केजरीवाल ने कहा है कि भले ही यह सरकार कुछ ही दिन की हो लेकिन जितने भी दिन सरकार चलेगी वह अपने वायदे पूरे कर के दिखाएंगे। आज शपथ ग्रहण करने के बाद केजरीवाल को सदन में तीन जनवरी को अपना बहुमत साबित करना होगा।